Cricket
शनाका और मेंडिस के अर्धशतक से श्रीलंका ने भारत को 16 रन से हराया
By DivaNews
06 January 2023
शनाका और मेंडिस के अर्धशतक से श्रीलंका ने भारत को 16 रन से हराया कप्तान दासुन शनाका और कुसाल मेंडिस के तूफानी अर्धशतक के बाद गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से श्रीलंका ने दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में गुरुवार को यहां भारत को 16 रन से हराकर तीन मैच की श्रृंखला 1-1 से बराबर कर दी। श्रीलंका के 207 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत बेहद खराब रही। अक्षर पटेल (31 गेंद में 65 रन, छह छक्के, तीन चौके) के करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी और सूर्यकुमार यादव (36 गेंद में 51 रन, तीन चौके, तीन छक्के) के साथ उनकी छठे विकेट की 91 रन की साझेदारी से मेजबान टीम ने जीत की उम्मीद जगाई लेकिन अंतत: आठ विकेट पर 190 रन ही बना सकी। इन दोनों के अलावा शिवम मावी (15 गेंद में 26 रन) ही दोहरे अंक में पहुंच सके। श्रीलंका के लिए शनाका ने गेंदबाजी में भी कमाल करते हुए अंतिम ओवर में चार रन देकर दो विकेट चटकाए। कासुन रजिता (22 रन पर दो विकेट) और दिलशान मदुशंका (45 रन पर दो विकेट) ने भी दो-दो विकेट हासिल किए। श्रीलंका ने इससे पहले शनाका (22 गेंद में नाबाद 56, छह छक्के, दो चौके) और मेंडिस (31 गेंद में 52 रन, चार छक्के, तीन चौके) की ताबड़तोड़ पारियों से छह विकेट पर 206 रन बनाए।
read more