
ठाकुर ने कहा कि प्रवासी भारतीयों को प्रौद्योगिकी के माध्यम से भारत से जुड़कर दुनिया की भलाई के लिए काम करना चाहिए केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने रविवार को प्रवासी भारतीय समुदाय से अपील की कि वह आकांक्षाओं से भरे भारत से तकनीक के माध्यम से जुड़े और देश के सशक्त मानव संसाधन को भुनाते हुए समूची दुनिया के हित में काम करे। ठाकुर ने इंदौर में प्रवासी भारतीय सम्मेलन के दौरान संवाददाताओं से कहा,‘‘प्रवासी भारतीय समुदाय से हमारा अनुरोध है कि वह तकनीक के जरिये हमसे जुड़े और न केवल भारत के लिए, बल्कि पूरी दुनिया के हित में मिलकर काम करे। आपके पास संसाधन हैं और हमारे पास मानव संसाधन हैं।’’ उन्होंने कहा कि सरकार प्रवासी भारतीय समुदाय को विदेश से देश में धन भेजने के संदर्भ में नहीं देखती, बल्कि उनके साथ भागीदारी चाहती है। ठाकुर ने कहा,‘‘हम प्रतिभा पलायन के बजाय प्रतिभा प्राप्ति की बात करते हैं। हम आजादी के अमृत काल में ख्वाहिशों से भरे भारत से प्रवासी भारतीयों को जोड़ने की बात करते हैं।’’ ठाकुर ने कहा कि भारत की ओर दुनिया उम्मीद भरी निगाहों से देख रही है और देश को लेकर वैश्विक नजरिया पहले ही बदल चुका है। उन्होंने कहा,‘‘मैं एक व्यापार प्रदर्शनी के सिलसिले में अपनी पहली अमेरिका यात्रा के दौरान 1997 के दौरान शिकागो पहुंचा था। मैंने वहां एक अखबार उठाया जिस पर छपा था कि सपेरों और भिखारियों का देश भारत अपनी आजादी की 50वीं वर्षगांठ मनाने को तैयार है। लेकिन भारत को लेकर दुनिया का नजरिया जल्द ही बदल गया, जब हमने पोखरण में सफल परमाणु परीक्षण किया।’’ केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेताओं में से एक बताया और कहा,‘‘भारत के बारे में अनुमान लगाया गया है कि देश की जीडीपी विकास दर इस साल सात प्रतिशत रहेगी। दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के मुकाबले भारत तेज गति से तरक्की कर रहा है।’’
read more